मुंबई। महाराष्ट्र में निकाय चुनाव नजदीक आने के साथ ही शिवसेना (उबाठा) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के बीच गठबंधन की रूपरेखा तय हो गई है। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली इन पार्टियों ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और अन्य निकाय चुनावों में एकसाथ उतरने का फैसला किया है। अब दोनों दल सीट बंटवारे पर बातचीत कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, गठबंधन की औपचारिक घोषणा जल्द होगी। दोनों पार्टियां अपने-अपने गढ़ों में सीटों का बराबर बंटवारा कर सकती हैं, जबकि बाकी हिस्सों में 60:40 का फॉर्मूला अपनाया जा सकता है, जिसमें 60% सीटें शिवसेना (उबाठा) और 40% मनसे को मिलेंगी।
मनसे के एक नेता ने बताया कि दादर-माहिम, लालबाग-परेल-सिवरी, विक्रोली, डिंडोशी, घाटकोपर पश्चिम, दहिसर और भांडुप जैसे क्षेत्रों में, जहां दोनों दलों का प्रभाव है, सीटें बराबर बांटी जा सकती हैं। अन्य क्षेत्रों में सीट बंटवारे का अनुपात 60:40 रहने की संभावना है। दोनों दलों के शीर्ष नेता अपनी-अपनी दावेदार सीटों की सूची तैयार कर रहे हैं।




