रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र के कुंरा गांव स्थित एक फार्म हाउस में 25 वर्षीय शादीशुदा महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
जानकारी के अनुसार, महिला महासमुंद जिले की रहने वाली है और वर्तमान में रायपुर में अपने पति व दो बच्चों के साथ रहती है। उसका एक युवक से अफेयर था, लेकिन दोनों के बीच कुछ समय पहले विवाद होने के बाद ब्रेकअप हो गया था। इसी दौरान युवक के दो दोस्तों आशीष जोशी और रूपेंद्र साहू ने महिला को 27 अक्टूबर को उसके बॉयफ्रेंड से मिलवाने और पैचअप करवाने के बहाने धरसींवा के एक निजी फार्म हाउस बुलाया।
Read Also- CGPSC भर्ती घोटाले पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 37 चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगी नियुक्ति, राज्य सरकार की याचिका की खारिज
पुलिस के मुताबिक, वहां आरोपियों ने फार्म हाउस के केयरटेकर से जगह खाली करवाकर महिला को कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी। इसके बाद महिला के बेहोश होने पर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो जान से मार देंगे। इसके बाद उसे घर छोड़ दिया गया।
करीब एक सप्ताह बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर धरसींवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी आशीष जोशी को गिरफ्तार कर लिया। वह तेलीबांधा के श्याम नगर का रहने वाला है और मेडिकल दुकान में काम करता है। वहीं दूसरा आरोपी रूपेंद्र साहू, जो कपसदा गांव में किराना दुकान चलाता है, फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
धरसींवा थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।




