नई दिल्ली। दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी मीशो का आईपीओ हाल ही में लॉन्च हुआ था, जिसे निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। अब लिस्टिंग के बाद कंपनी का शेयर शानदार प्रदर्शन कर रहा है। मंगलवार को मीशो शेयर में तूफानी तेजी देखने को मिली और यह नए ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया। शेयर में आई इस तेजी के चलते मीशो के को-फाउंडर और सीईओ विदित आत्रे आधिकारिक रूप से अरबपति क्लब में शामिल हो गए हैं। कंपनी में उनकी हिस्सेदारी का मूल्य एक अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है।
मीशो लिमिटेड में विदित आत्रे की 11.1 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो कुल 47.25 करोड़ शेयरों के बराबर है। मंगलवार को शेयर में आई जोरदार तेजी के बाद मीशो का शेयर भाव बढ़कर 193.44 रुपये पर पहुंच गया। इस कीमत के आधार पर विदित आत्रे की हिस्सेदारी की कुल वैल्यू करीब 9,142 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिससे वे अरबपति बन गए हैं।
मंगलवार को जहां शेयर बाजार में गिरावट का माहौल रहा, वहीं मीशो का शेयर तेजी के साथ आगे बढ़ता नजर आया। कारोबार की शुरुआत में यह शेयर 173.57 रुपये पर खुला और दिन के दौरान मजबूती के साथ 193.44 रुपये तक पहुंच गया। शेयर में आई तेजी के चलते कंपनी का बाजार पूंजीकरण बढ़कर करीब 83,520 करोड़ रुपये हो गया।
मीशो का आईपीओ 3 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और 5 दिसंबर तक निवेशकों ने इसमें आवेदन किया। आईपीओ का इश्यू प्राइस 111 रुपये था, जिसकी तुलना में अब तक शेयर करीब 74 प्रतिशत चढ़ चुका है। अपर प्राइस बैंड के मुकाबले शेयर में 82 रुपये की बढ़त दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि मीशो की स्थापना वर्ष 2015 में विदित आत्रे और संजीव बरनवाल ने की थी। यह कंपनी तेजी से देश के प्रमुख डिजिटल कॉमर्स प्लेटफॉर्म में शामिल हो गई है। मीशो न केवल छोटे व्यापारियों को ऑनलाइन कारोबार का अवसर प्रदान करता है, बल्कि आम उपभोक्ताओं के लिए भी किफायती उत्पाद उपलब्ध कराता है। सॉफ्टबैंक, मेटा और एलिवेशन कैपिटल जैसे बड़े निवेशकों के समर्थन से कंपनी की वित्तीय स्थिति और कारोबारी विस्तार में लगातार मजबूती आई है।




