KHABARWAAD BALOD. हनुमान जयंती के दिन मंगलवार को ग्राम कोंहगाटोला में जहां पर रोजगार गारंटी योजना का काम चल रहा है वहां पर अचानक नदी की रेत में हनुमान जी की आकृति उभरी हुई देखी गई। इसके बाद यह बात पूरे गांव में फैल गई। गांव के अनेक ग्रामीणों ने पहुंचकर पूजा अर्चना भी की और नारियल भी चढ़ाये।
कोंहगाटोला ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच छगनलाल साहू ने बताया कि नदी के किनारे रोजगार गारंटी का काम काफी दिनों से चल रहा है। मंगलवार को सुबह भी मजदूर नियमित रूप से यहां पर आए थे।
एक मजदूर मोहन देवदास की नजर अचानक नदी के किनारे पर पड़ी। जहां पर कुछ आकृति बनी हुई उसको दिखाई दी, फिर उन्होंने सभी लोगों को इसकी जानकारी दी और जाकर लोगों ने देखा तो बिल्कुल हनुमान जी की आकृति बनी हुई थी। इसके बाद यह बात पूरे गांव में फैल गई और आसपास के क्षेत्र में भी बात फैल गई। देखते ही देखते ग्रामीण यहां पहुंचकर पूजा अर्चना भी शुरू कर दिए। आज हनुमान जयंती का दिन था इसलिए लोगों की श्रद्धा भी इसमें उमड़ पड़ी।




