रायपुर। नवा रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) के एक तृतीय वर्ष ईसीई छात्र पर गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायती छात्राओं के अनुसार छात्र ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करके संस्थान में पढ़ने वाली 36 छात्राओं के अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में संचित कर रखे थे। शिकायत के आधार पर संस्थान ने जांच कर आरोपी छात्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
महिला विद्यार्थियों की शिकायत पर प्रशासन ने छात्र के कमरे की तलाशी ली और मोबाइल, लैपटॉप एवं पेन ड्राइव जब्त कर लिए। प्रारंभिक तकनीकी जांच में छात्राओं की शिकायतों को सही पाया गया। इसके बाद संस्थान ने आरोपी के बिलासपुर स्थित परिजनों को सूचना देकर उसे संस्थान छोड़ने के निर्देश दिये।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ट्रिपलआईटी ने महिला स्टाफ की एक विशेष जांच समिति गठित की है, जो तकनीकी साक्ष्यों के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। छात्राओं में यह चिंता भी है कि क्या इन फेक कंटेंट को किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा या अपलोड तो नहीं किया गया। प्रशासन ने इस भय को दूर करने के लिए कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
संस्थान के निदेशक डॉ. ओमप्रकाश व्यास ने बताया कि शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर और संवेदनशील है, इसलिए जांच को पूरी निपुणता और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।




