न्यूयॉर्क। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि गाजा में हमास के खिलाफ इजरायल को अपनी कार्रवाई पूरी करनी होगी। यह भाषण बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दबाव और अलगाव के बीच हुआ। उनके मंच पर आने के दौरान कई देशों के राजनयिकों ने बायकॉट करते हुए सभागार से वॉकआउट किया, जिससे हॉल लगभग खाली हो गया।
नेतन्याहू के भाषण शुरू करते ही हॉल में शोर शुरू हो गया। हालांकि, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल उनके समर्थन में मौजूद रहा और कुछ लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया। रॉयटर्स के अनुसार, नेतन्याहू ने भाषण में एक नक्शे और QR कोड का इस्तेमाल किया। नक्शे पर बड़े निशान बनाकर उन्होंने ध्यान खींचा और अपने जैकेट पर QR कोड लगाया। साथ ही, एक बोर्ड पर लिखे मल्टीपल चॉइस सवालों को श्रोताओं को पढ़कर सुनाया। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बार-बार तारीफ की।
गाजा में लाउडस्पीकर का आदेश
नेतन्याहू ने भाषण से पहले इजरायली सेना को गाजा पट्टी में लाउडस्पीकर लगाने का निर्देश दिया ताकि उनका भाषण फिलिस्तीनियों तक पहुंचे। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, अरब और मुस्लिम देशों के लगभग सभी प्रतिनिधियों ने उनके भाषण के दौरान वॉकआउट किया। कई अफ्रीकी और कुछ यूरोपीय देशों के प्रतिनिधि भी उनके साथ चले गए।




