श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने जैश-ए-मोहम्मद के इंटर-स्टेट टेरर मॉड्यूल तथा दिल्ली रेड फोर्ट ब्लास्ट केस की जांच में एक और संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
सूत्रों के अनुसार, श्रीनगर के बटमालू निवासी तुफैल अहमद (पेशे से इलेक्ट्रिशियन) को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा इंडस्ट्रियल एस्टेट से गिरफ्तार किया गया। उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच से प्राप्त सुरागों से संकेत मिलता है कि तुफैल रेड फोर्ट हमले की साजिश में शामिल था।
जांच एजेंसियों को संदेह है कि तुफैल अहमद ने ही मुख्य आरोपी डॉक्टर उमर को AK-47 राइफल उपलब्ध कराई थी जब वह श्रीनगर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में कार्यरत था। यही राइफल हाल ही में अनंतनाग GMC में डॉ. अदील के लॉकर से बरामद हुई थी।
जांच में सामने आया है कि तुफैल और डॉ. उमर की मुलाकात किराए के मकान में साथ रहने के दौरान हुई थी। अब एजेंसियां उस पाकिस्तानी हैंडलर की तलाश कर रही हैं जिसने कथित तौर पर यह हथियार तुफैल तक पहुंचाया।
इसी मामले में एक अन्य विकास में SIA ने शोपियां निवासी एक डॉक्टर को भी हिरासत में लिया है। वह डॉ. उमर का करीबी बताया जा रहा है और श्रीनगर के बोन् एंड जॉइंट अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट के रूप में कार्यरत था। पूछताछ जारी है।




