चंडीगढ़/मुंबई। हरियाणा और महाराष्ट्र सरकारों ने बुधवार को नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति की घोषणा की।
हरियाणा में 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय सिंघल को राज्य का नया डीजीपी नियुक्त किया गया है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा शॉर्टलिस्ट किए गए तीन अधिकारियों—1990 बैच के शत्रुजीत सिंह कपूर, 1992 बैच के अजय सिंघल और 1993 बैच के आलोक मित्तल—में से राज्य सरकार ने सिंघल के नाम पर मुहर लगाई। वे कार्यवाहक डीजीपी ओपी सिंह की सेवानिवृत्ति के बाद पद संभालेंगे। सिंघल को कम से कम दो वर्ष का कार्यकाल मिलेगा।
वहीं, महाराष्ट्र में 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी सदानंद वसंत दाते को नया डीजीपी बनाया गया है। पूर्व एनआईए महानिदेशक दाते वर्तमान डीजीपी रश्मि शुक्ला की 3 जनवरी को सेवानिवृत्ति के बाद पदभार ग्रहण करेंगे। उनकी नियुक्ति दो वर्ष के निश्चित कार्यकाल के लिए की गई है। दाते 26/11 मुंबई आतंकी हमलों में बहादुरी के लिए राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित हैं।
दोनों नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के अनुरूप की गई हैं, जिनमें डीजीपी को न्यूनतम दो वर्ष का कार्यकाल सुनिश्चित करने का प्रावधान है।




