नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले आम जनता को बड़ी राहत दी है। 22 सितंबर 2025 से नई जीएसटी दरें लागू होंगी, जिसके तहत रोजमर्रा की चीजें सस्ती हो जाएंगी। खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर शैंपू और घरेलू उपकरणों तक, कई चीजों पर जीएसटी कम किया गया है। खास तौर पर काजू, बादाम और पिस्ता जैसे सूखे मेवों पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 3 सितंबर 2025 को जीएसटी दरों में कटौती और स्लैब में बदलाव की घोषणा की थी। नए सुधारों के तहत ज्यादातर वस्तुएं 5% और 18% स्लैब में आ गई हैं। करीब 400 वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम की गई हैं। कई खाद्य पदार्थों पर अब 0% जीएसटी लगेगा, और जीवन व स्वास्थ्य बीमा पर भी कोई कर नहीं होगा।
सस्ती होने वाली प्रमुख वस्तुएं
- अल्ट्रा-हाई टेम्परेचर (UHT) दूध: जीएसटी मुक्त।
- मक्खन, पनीर, कंडेंस्ड मिल्क: 5% जीएसटी।
- पैकेज्ड नमकीन, भुजिया, सॉस, पास्ता, इंस्टेंट नूडल्स, चॉकलेट, कॉफी, प्रिजर्व्ड मीट, कॉर्नफ्लेक्स, रेडी-टू-ईट स्नैक्स: 5% जीएसटी।
- काजू, बादाम, पिस्ता और अन्य सूखे मेवे: जीएसटी 12% से घटकर 5%।
नवरात्रि में भी राहत
22 सितंबर 2025 से नवरात्रि शुरू हो रही है, और इस दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले काजू, बादाम, पिस्ता, दूध, दही, पनीर और घी जैसी चीजें सस्ती हो जाएंगी। नई जीएसटी दरों के लागू होने से इनकी कीमतों में कमी आएगी, जिससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी।




