श्रीहरिकोटा। भारत और अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसियों ISRO और NASA द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया गया अब तक का सबसे महंगा और अत्याधुनिक अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट निसार (NISAR) आज शाम लॉन्च किया जाएगा। इसे श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से शाम 5:40 बजे GSLV-F16 रॉकेट के माध्यम से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।
GSLV-F16 रॉकेट निसार को 743 किलोमीटर की ऊंचाई पर सन-सिंक्रोनस कक्षा (Sun-Synchronous Orbit) में स्थापित करेगा। इस प्रक्रिया में करीब 18 मिनट लगेंगे। यह कक्षा सूरज के साथ तालमेल में होती है, जिससे सैटेलाइट लगातार एक ही तरह की रोशनी में पृथ्वी का अवलोकन कर सकता है। निसार की ऑर्बिट का झुकाव 98.4 डिग्री होगा।
Read Also- समय रहते निपटा लें अपने काम, अगस्त 2025 में बैंक रहेंगे 15 दिन बंद, RBI ने जारी की छुट्टियों की लिस्ट….
निसार सैटेलाइट पोलर ऑर्बिट में पृथ्वी के ध्रुवों के ऊपर से चक्कर लगाएगा। यह ऑर्बिट पृथ्वी की सतह का अधिकतम कवरेज प्रदान करती है और जलवायु परिवर्तन, जंगलों की कटाई, बर्फ की मोटाई, भूकंप, भूस्खलन और ज्वालामुखी जैसे प्राकृतिक बदलावों पर नजर रखने में मदद करेगी।
इस मिशन की अवधि 5 साल निर्धारित की गई है और यह वैश्विक स्तर पर पृथ्वी के वातावरण और सतह में होने वाले परिवर्तनों की निगरानी करने में क्रांतिकारी भूमिका निभाएगा।




