KHABARWAAD RAIPUR. प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद राशन कार्ड नवीनीकरण का काम तेजी से चल रहा है। इसके लिए आवेदन की तारीख को एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। अब लोग 30 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन के जरिए राशन कार्ड नवीनीकरण करवा सकेंगे।
इससे पहले भी ऑनलाइन आवेदन की तारीखों को दो बार बढाया जा चूका है।
सबसे पहला आदेश 15 फरवरी तक आवेदन करने का था। उसे 25 फरवरी और फिर 15 मार्च किया गया। अब सरकार ने ऑनलाइन आवेदन की 30 अप्रैल तक सुविधा दे दी है।
90 फीसदी राशन कार्ड हो चुके है नवीनीकृत
प्रदेश में लगभग 77 लाख राशन कार्डों के नवीनीकरण का काम 30 अप्रैल तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद विभाग ने ये फैसला लिया है। खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री दयाल दास बघेल ने बताया कि 90 फीसदी कार्ड अपडेट कर दिए गए हैं। लोगों की सुविधा काे देखते हुए ऑनलाइन नवीनीकरण के आवेदन की तारीख बढ़ाई गई है।
Read Also- मामी ने अपने ही भांजे के साथ की शर्मनाक हरकत, बोली- पूरी करनी होगी ये डिमांड….
खाद्य विभाग के ऐप पर कर सकते हैं आवेदन
खाद्य विभाग के संचालक जितेन्द्र शुक्ला ने सभी जिलों के कलेक्टरों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने मोबाइल ऐप तैयार कराया है। इसे गूगल प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in से भी इस ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं।
नवीनीकरण के लिए ऐसे करना होगा आवेदन
राशन कार्डधारी अपने मोबाइल पर इस ऐप के जरिए नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऐसे हितग्राही जिनके पास एन्ड्रॉइड मोबाइल नहीं है या जहां पर मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं है, वहां उचित मूल्य दुकान (सरकारी राशन दुकान) स्तर पर ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए राशन कार्डों के नवीनीकरण के ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी जा रही है।
Read Also- महिला को बाइक से ले जा रहा था व्यवसायी, बेटे ने चाकू गोदकर की हत्या
राशन कार्ड नवीनीकरण की प्रक्रिया मुफ्त
सरकार की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक अन्त्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित और निःशक्तजन श्रेणी के राशन कार्ड नवीनीकरण की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क होगी। उन्हें नए राशन कार्ड के लिए किसी भी तरह की राशि का भुगतान नहीं करना होगा। इसका खर्च प्रदेश सरकार उठाएगी।
सामान्य श्रेणी (जनरल कैटेगरी) के राशन कार्डधारियों को ऐप के जरिए नवीनीकरण के लिए 10 रुपए देने होंगे।




