नई दिल्ली। दिल्ली से दरभंगा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 360 के यात्रियों ने गुरुवार को आईजीआई एयरपोर्ट के रनवे पर धरना देकर हंगामा किया। उड़ान के टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान को वापस दिल्ली लौटना पड़ा और अंततः फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में खराब मौसम के चलते उड़ान पहले ही देरी से रवाना हुई थी। टेकऑफ के बाद दरभंगा एयरपोर्ट पर परिचालन समय सीमा समाप्त होने के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और विमान को दिल्ली लौटना पड़ा।
आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद नाराज यात्री रनवे पर बैठकर विरोध जताने लगे, लेकिन कुछ ही मिनटों में सुरक्षा कर्मियों ने समझाकर उन्हें वहां से हटा दिया।
इंडिगो ने बयान जारी कर बताया कि उड़ान की देरी दिल्ली में भारी बारिश, जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण हुई। दरभंगा में वॉच ऑवर प्रतिबंध समय सीमा बढ़ाए बिना लैंडिंग संभव नहीं थी, इसलिए उड़ान रद्द करनी पड़ी। यात्रियों को सुरक्षा एजेंसियों की मदद से टर्मिनल तक पहुंचाया गया और उनकी सुविधा का ध्यान रखा गया।




