इंफाल। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा शुरू होने के दो साल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पहली बार राज्य के दौरे पर पहुंचे हैं। यह दौरा उस समय हो रहा है जब हाल ही में केंद्र सरकार ने चार सितंबर को कुकी उग्रवादी समूहों के साथ संघर्ष विराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर में 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। कुकी बहुल चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, वहीं मैतेई बहुल इंफाल में 1,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन होगा। इस तरह केंद्र सरकार दोनों समुदायों में विकास कार्यों के जरिए शांति का संदेश देने की कोशिश कर रही है।
मणिपुर में मई 2023 से जातीय संघर्ष शुरू हुआ था, जिसमें 260 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और हजारों लोग विस्थापित हुए। हिंसा के बाद लगातार प्रधानमंत्री के दौरे की मांग उठती रही, लेकिन अब तक वे राज्य नहीं पहुंचे थे। हिंसा को काबू न कर पाने के चलते मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को इस्तीफा देना पड़ा और फरवरी से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा दोनों समुदायों के बीच विश्वास बहाल करने और स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।




