जगदलपुर। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी पर बड़ा प्रहार करते हुए हशीश ऑयल की खेप जब्त की है। मुखबिरी सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से करीब 4.170 किलोग्राम हशीश ऑयल बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 52 लाख 12 हजार 500 रुपये है।
24 दिसंबर शाम प्राप्त सूचना के अनुसार, 45-50 वर्षीय एक व्यक्ति थैले में हशीश ऑयल लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर बोधघाट थाना टीम ने ग्राम आड़ावाल के आगे झंडा चौक पर घेराबंदी की। संदिग्ध अवस्था में खड़े व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम अमित कुमार बाघ (47), पिता स्वर्गीय महंती बाघ बताया।
थैले की तलाशी में दो बोतलों में कुल 4.170 किलोग्राम हशीश ऑयल बरामद हुआ। नारकोटिक किट से जांच में पदार्थ की पुष्टि हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अधिक मुनाफे की लालच में तस्करी करने की बात स्वीकार की। उसका इरादा इसे बड़े शहरों में ऊंचे दामों पर बेचने का था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इस दिशा में भी जांच जारी है।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। 25 दिसंबर को उसे विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
बस्तर क्षेत्र में नशीले पदार्थों के बढ़ते मामलों पर पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति अपनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार, तस्करों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




