अगर आप इंस्टाग्राम पर एक दिन में कई स्टोरी डालते हैं और रीच कम होने से परेशान थे, तो अब राहत की खबर है। इंस्टाग्राम ने आधिकारिक तौर पर बताया है कि यह समस्या एक बग के कारण थी, जिसे अब ठीक कर दिया गया है।
इंस्टाग्राम के हेड एडम मोसेरी ने वीडियो जारी कर कहा कि यह कोई जानबूझकर उठाया गया कदम नहीं था, बल्कि एक तकनीकी खामी थी। अब यूजर्स जितनी चाहें उतनी स्टोरी पोस्ट कर सकते हैं, उनकी रीच सीमित नहीं होगी।
हालांकि, मोसेरी ने यह भी कहा कि हर स्टोरी को सभी फॉलोअर्स देखेंगे, इसकी गारंटी नहीं है। ज्यादा स्टोरी होने पर यूजर्स उन्हें स्किप कर सकते हैं, इसलिए कंटेंट की गुणवत्ता अहम है।
एक यूजर के अनुसार यह बग पिछले छह महीने से एक्टिव था, जिससे करोड़ों यूजर्स की रीच और व्यू काउंट पर असर पड़ा। खासतौर पर उन क्रिएटर्स को नुकसान हुआ जो ब्रांड डील्स और प्रमोशंस से कमाई करते हैं।
इंस्टाग्राम हाल ही में iPad ऐप और पिक्चर-इन-पिक्चर जैसे फीचर्स पर भी काम कर रहा है।




