नई दिल्ली। कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पार्टी नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हालिया बयान को लेकर हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई, जो कार्यक्रम में चर्चा का विषय रही।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने दिग्विजय सिंह से हाथ मिलाते हुए व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “आपने कल बदतमीजी की।” यह सुनकर आसपास मौजूद नेताओं के बीच हंसी छूट गई। इस मौके पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। स्थापना दिवस समारोह के बाद पार्टी मुख्यालय में नेताओं के लिए चाय और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी, जहां यह बातचीत हुई।
गौरतलब है कि हाल ही में दिग्विजय सिंह ने आरएसएस और भाजपा के संगठनात्मक ढांचे का हवाला देते हुए कांग्रेस को उससे सीख लेने की बात कही थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए संगठन की ताकत की सराहना की थी।
शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक से पहले दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि एक जमीनी स्तर का आरएसएस स्वयंसेवक संगठन की ताकत के बल पर राज्य का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। हालांकि, बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आरएसएस और प्रधानमंत्री मोदी की विचारधारा का विरोध करते हैं और उनका उद्देश्य केवल संगठनात्मक क्षमता की चर्चा करना था।
दिग्विजय सिंह के इस बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि गांधी के संगठन को गोडसे के संगठन से सीखने की आवश्यकता नहीं है।




