स्पोर्ट्स डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) फ्रेंचाइजी 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन से पहले मालिकाना हक में बदलाव देख सकती है। टीम की पैरेंट कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) ने घोषणा की है कि उसने अपनी सहायक कंपनी रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (RCSPL) में किए गए निवेश की व्यापक समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी है।
USL ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को भेजे गए एक आधिकारिक पत्र में कहा कि यह समीक्षा RCB की पुरुष और महिला दोनों टीमों को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। कंपनी ने बताया कि यह प्रक्रिया 31 मार्च 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, हाल के महीनों में RCB की संभावित बिक्री को लेकर चर्चाएं तेज रही हैं। लगभग एक महीने पहले खबरें आई थीं कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मालिक अदार पूनावाला इस फ्रेंचाइजी को करीब 17 हजार करोड़ रुपए में खरीदने पर विचार कर रहे हैं। पूनावाला ने उस समय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा था, “सही वैल्यूएशन पर RCB एक बेहतरीन टीम है।”
अगर यह डील आगे बढ़ती है, तो यह IPL इतिहास के सबसे बड़े अधिग्रहणों में से एक हो सकता है। RCB, जो अपनी लोकप्रियता और विशाल फैन बेस के लिए जानी जाती है, अब एक बार फिर क्रिकेट जगत में सुर्खियों का केंद्र बन गई है।




