रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत 137 प्राध्यापक पदों की भर्ती के लिए दस्तावेज़ सत्यापन की तिथियों की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार यह प्रक्रिया 19 अगस्त 2025 से 22 अगस्त 2025 तक आयोजित की जाएगी।
पाँच विषयों में होगी नियुक्ति
इस भर्ती के अंतर्गत सूचना प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, कंप्यूटर साइंस, वाणिज्य और राजनीति शास्त्र विषयों में प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी। कुल 137 रिक्त पदों को भरने हेतु योग्य अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ सत्यापन के लिए आमंत्रित किया गया है।
Read Also- I Love You कहना सेक्शुअल हरासमेंट नहीं है… जानिए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने क्यों दी ये टिप्पणी?
402 अभ्यर्थी बुलाए गए सत्यापन के लिए
आयोग ने कुल 402 अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ सत्यापन के लिए चयनित किया है। सत्यापन प्रक्रिया दो पालियों में संपन्न होगी, प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से और द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से।
गैरहाजिर अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी होगी रद्द
दस्तावेज़ सत्यापन में अनुपस्थित रहने या अर्हता पूर्ण न होने की स्थिति में अभ्यर्थी को आगामी भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी शैक्षणिक व अन्य अर्हताओं के प्रमाण-पत्र ही मान्य होंगे। इसके बाद प्राप्त दस्तावेजों को अमान्य माना जाएगा।
Read Also- रेलवे की बड़ी कार्रवाई: IRCTC ने बंद की 2.5 करोड़ से ज्यादा यूजर आईडी, टिकट बुकिंग नियमों में भी किया बदलाव
ये दस्तावेज़ लाना अनिवार्य
अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ सत्यापन के दौरान निम्नलिखित प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति तथा प्रत्येक की एक सत्यापित या स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी:
- शैक्षणिक अर्हता से संबंधित प्रमाण-पत्र
- अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)
- स्थायी जाति प्रमाण-पत्र
- निवास प्रमाण-पत्र
- आय प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)
- निःशक्तजन प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो)
- पहचान पत्र (आधार, मतदाता ID आदि)
- अन्य संबंधित प्रमाण-पत्र




