Indian Railways News: रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों और अनियमितताओं पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) के 2.5 करोड़ से अधिक यूजर्स की आईडी बंद कर दी है। रेलवे ने यह कार्रवाई संदिग्ध बुकिंग पैटर्न के आधार पर की है।
इस संबंध में सरकार ने संसद में जानकारी दी है। राज्यसभा सांसद ए. डी. सिंह द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में सरकार ने बताया कि टिकट बुकिंग खुलते ही टिकटों का अचानक गायब हो जाना, बॉट्स के माध्यम से एजेंटों द्वारा टिकट बुक कर लिए जाना जैसी समस्याओं को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
Read Also- देशभर में अश्लील कंटेंट पर सख्ती: केंद्र सरकार ने उल्लू, ALTT, बिग शॉट्स समेत 25 ऐप्स-वेबसाइट्स पर लगाया बैन
सरकार ने कहा कि जांच में यह पाया गया कि बड़ी संख्या में यूजर आईडी का दुरुपयोग हो रहा था, जिससे आम यात्री को टिकट नहीं मिल पाता था। खासतौर पर तत्काल टिकट बुकिंग विंडो खुलते ही कुछ ही मिनटों में टिकट गायब हो जाते थे, जिसकी वजह बॉट्स के जरिए टिकट की बुकिंग थी।
रेलवे ने बदले कई अहम नियम
रेलवे ने टिकट बुकिंग को पारदर्शी और आम यात्रियों के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से कई नए नियम लागू किए हैं:-
- पहले आओ, पहले पाओ: अब रिजर्व टिकट ऑनलाइन या कंप्यूटरीकृत यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर बुक किए जाएंगे।
- ऑनलाइन बुकिंग में बढ़ोत्तरी: वर्तमान में कुल आरक्षित टिकटों का लगभग 89% ऑनलाइन माध्यम से बुक हो रहा है।
- डिजिटल भुगतान की सुविधा: पीआरएस काउंटर्स पर डिजिटल माध्यम से भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
- आधार आधारित तत्काल बुकिंग: 1 जुलाई 2025 से तत्काल योजना के तहत टिकट केवल आधार वेरिफाई किए गए यूजर्स ही IRCTC की वेबसाइट या ऐप से बुक कर सकेंगे।
- एजेंटों पर पाबंदी: एजेंटों को तत्काल टिकट बुकिंग विंडो खुलने के पहले 30 मिनट तक बुकिंग करने से रोक दिया गया है।
- वेटिंग लिस्ट की निगरानी: ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट की स्थिति की नियमित निगरानी की जा रही है और आवश्यकता अनुसार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
Read Also- मणिपुर में राष्ट्रपति शासन छह महीने के लिए बढ़ा, लोकसभा ने प्रस्ताव को दी मंजूरी
इमरजेंसी कोटा में भी हुआ बदलाव
सरकार ने इमरजेंसी कोटा के नियमों में भी बदलाव किया है। पहले इस कोटा के तहत यात्रा वाले दिन ही आवेदन किया जा सकता था, लेकिन अब यात्रियों को एक दिन पहले ही इमरजेंसी कोटा के लिए आवेदन करना होगा। यह कोटा सांसदों, उच्च अधिकारियों, चिकित्सा आपातकाल और वरिष्ठ नागरिकों के लिए होता है।




