नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा एक बार फिर विवादित बयान के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल में घर जैसा महसूस होता है। भारत की विदेश नीति पर बोलते हुए उन्होंने जोर दिया कि इसका फोकस पड़ोसी देशों पर होना चाहिए। पित्रोदा ने कहा, “मैं पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल गया हूं, वहां मुझे विदेशी धरती जैसा नहीं लगता, बल्कि घर जैसा महसूस होता है।”
राहुल गांधी का समर्थन
राहुल गांधी की Gen-Z से लोकतंत्र की रक्षा की अपील पर पित्रोदा ने कहा, “मैं युवाओं से अनुरोध करता हूं कि वे राहुल गांधी के साथ खड़े हों और उनकी आवाज के साथ अपनी आवाज मिलाएं।”
पहले भी विवादों में रहे पित्रोदा
पित्रोदा अपने बयानों के लिए पहले भी निशाने पर रह चुके हैं। पिछले साल उन्होंने भारत की विविधता पर कहा था, “पूर्वी भारत के लोग चीनी जैसे, पश्चिम के अरब जैसे, उत्तरी श्वेत और दक्षिणी अफ्रीकी जैसे दिखते हैं।” इस बयान पर बवाल के बाद उन्होंने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके अलावा, राहुल गांधी के संपत्ति सर्वे बयान पर पित्रोदा ने अमेरिका के विरासत टैक्स का जिक्र कर विवाद खड़ा किया था।
नेशनल हेराल्ड केस
पित्रोदा, सोनिया गांधी और राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड केस में भी फंसे हैं, जो उनकी विवादास्पद छवि को और बढ़ाता है।




