नारायणपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमावर्ती अबूझमाड़ इलाके में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। घने जंगलों में चले इस ऑपरेशन में जवानों ने दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। सुरक्षाबलों ने मौके से दोनों नक्सलियों के शव के साथ हथियार भी बरामद किया है।
बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों को AK-47 राइफल, अन्य अत्याधुनिक हथियार, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य, प्रचार-प्रसार सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुएं मिली हैं।
Read Also- सौम्या चौरसिया के जयचंद गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति का उगला राज
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ और महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना खुफिया तंत्र को मिली थी। इस आधार पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली। तभी नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
फिलहाल, इलाके में रुक-रुक कर गोलियां चलने की खबर है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।




