रायपुर। बहुचर्चित कोयला घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। लंबी जांच और निगरानी के बाद ईओडब्ल्यू ने पूर्व मुख्यमंत्री की उप सचिव रही सौम्या चौरसिया के निजी सचिव रह चुके जयचंद कोसले को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, जयचंद पर कोयला परिवहन में हुई हेराफेरी से 50 लाख रुपये की सीधी कमाई का आरोप है। वहीं, जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि अवैध कोयला कारोबार से होने वाली मोटी रकम जयचंद के जरिये सौम्या तक पहुंचाई जाती थी। कहा जा रहा है कि जयचंद ने खुद इस अवैध कारोबार से 10 करोड़ रुपये से ज्यादा अर्जित किए, जबकि सौम्या के लगभग 50 करोड़ रुपये का निवेश भी उसी ने कराया था।
Read Also- अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक नक्सली ढेर, रुक-रुककर फायरिंग जारी
ईओडब्ल्यू की टीम ने रविवार सुबह रायपुर और अकलतरा स्थित जयचंद कोसले के घरों पर दबिश दी थी। देर रात तक चली इस छापेमारी में कई अहम दस्तावेज और सुराग मिले। सोमवार को आरोपी को रायपुर स्थित ACB/EOW की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां एजेंसी ने 14 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि जयचंद ने अवैध कमाई से रायपुर के सेजबहार कॉलोनी में आलीशान मकान और अकलतरा के अंबेडकर चौक के पास पैतृक घर सहित करोड़ों की संपत्ति खड़ी की है। ईडी भी इससे पहले कई बार उससे पूछताछ कर चुकी है।




