नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग देशभर में अक्टूबर से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) शुरू करने की तैयारी में है। इस पर सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) के साथ हुई बैठक में सहमति बनी है।
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग ने राज्यों से कहा है कि 30 सितंबर तक सभी कागज़ी कार्यवाही और जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। अधिकांश राज्यों ने भरोसा जताया है कि वे समयसीमा के भीतर तैयार हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न होने से पहले ही आयोग देशव्यापी SIR की औपचारिक घोषणा कर सकता है। हालांकि, अंतिम तारीखें तभी तय होंगी जब सभी राज्यों के CEO अपनी प्रगति रिपोर्ट सौंप देंगे।
चुनाव आयोग का मानना है कि इस प्रक्रिया से मतदाता सूची को न केवल अपडेट किया जा सकेगा, बल्कि पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रियाओं पर जनता का भरोसा भी मजबूत होगा। बैठक में आयोग ने राज्यों को मतदाताओं की तस्दीक के लिए जमा किए जाने वाले सनदी प्रमाणपत्रों की सूची बनाने के निर्देश भी दिए।




