नई दिल्ली गुजरात के कांडला से मुंबई आ रहे स्पाइसजेट के Q400 विमान का आउटर व्हील टेकऑफ के तुरंत बाद रनवे पर गिर गया। इसके बाद विमान को मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। पायलट ने इमरजेंसी घोषित की, लेकिन विमान सुरक्षित उतर गया।
स्पाइसजेट का बॉम्बार्डियर DHC8-400 विमान (फ्लाइट संख्या SG-2906) ने शुक्रवार दोपहर 2.39 बजे कांडला एयरपोर्ट से उड़ान भरी। टेकऑफ के कुछ देर बाद टावर कंट्रोलर ने रनवे पर एक काले रंग की वस्तु गिरती देखी। जांच करने पर पता चला कि यह विमान का पहिया था।
तकनीकी खराबी की सूचना के बाद फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट किया गया। दोपहर 3.51 बजे विमान ने छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रनवे नंबर 27 पर सुरक्षित लैंडिंग की। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट प्रशासन ने फुल इमरजेंसी घोषित की थी।
विमान में चालक दल सहित 78 यात्री सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया। जानकारी के अनुसार बॉम्बार्डियर DHC8-400 विमान में ट्राइसाइकिल लैंडिंग गियर सिस्टम होता है, जिसमें नोज गियर पर दो और प्रत्येक मुख्य गियर पर दो पहिए लगे होते हैं।




