- केरल के पलुरुथी स्थित सेंट रीटा पब्लिक स्कूल में हिजाब विवाद के बाद सोमवार को दो दिन की छुट्टी की घोषणा की गई। यह विवाद तब शुरू हुआ जब आठवीं कक्षा की एक छात्रा हिजाब पहनकर स्कूल पहुंची और स्कूल प्रबंधन ने यूनिफॉर्म नियमों का हवाला देते हुए उसे ऐसा करने से रोका।
स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर हेलेना आरसी ने सोमवार और मंगलवार को छुट्टी का ऐलान करते हुए कहा कि छात्रा, उसके अभिभावकों और कुछ बाहरी लोगों के दबाव के कारण शिक्षकों और छात्रों में मानसिक तनाव बढ़ गया था। उन्होंने बताया कि पैरेंट-टीचर एसोसिएशन (PTA) से चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया।
PTA सदस्य जोशी कैथावलप्पिल ने बताया कि स्कूल में पिछले 30 वर्षों से समान यूनिफॉर्म लागू है और सभी धर्मों के छात्र इसका पालन करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा के माता-पिता SDPI (सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया) के समर्थन से स्कूल पहुंचे और हंगामा किया। स्कूल प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद अदालत ने सुरक्षा सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
वहीं छात्रा के पिता ने कहा कि उनकी बेटी इस वर्ष ही स्कूल में दाखिल हुई है और उसे केवल सिर पर दुपट्टा रखने से रोका जा रहा है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और राज्य के शिक्षा मंत्री को शिकायत भेजी है। पिता ने कहा कि यदि स्कूल हिजाब पहनने की अनुमति नहीं देता, तो वे बेटी का स्कूल बदलने पर विचार करेंगे।




