नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव पर उनकी मैच फीस का 30% जुर्माना लगाया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस फैसले को चुनौती दी है। एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच में मिली जीत को सूर्यकुमार ने पहलगाम हमले के पीड़ितों और भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित किया था, जिसने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को नष्ट किया था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सूर्यकुमार के बयान को राजनीतिक करार देते हुए ICC में शिकायत की। सूर्यकुमार ने कहा कि उनका बयान प्रशंसकों की भावनाओं को ध्यान में रखकर दिया गया था। PCB ने यह भी आरोप लगाया कि सूर्यकुमार ने हैंडशेक न करके खेल भावना का उल्लंघन किया, हालांकि ICC नियमावली में हैंडशेक अनिवार्य नहीं है।
इससे पहले, ICC ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान पर भी कार्रवाई की थी। हारिस रऊफ पर सुपर-चार मैच में आपत्तिजनक इशारों और भारतीय बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा व शुभमन गिल के साथ विवाद के लिए 30% जुर्माना लगाया गया। वहीं, साहिबजादा फरहान को भारतीय खिलाड़ियों को उकसाने के लिए ‘गन सेलिब्रेशन’ करने पर फटकार मिली।




