स्पोर्ट्स डेस्क। मस्कट में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप ईस्ट एशिया पेसिफिक क्वालिफायर के सुपर-6 चरण में शानदार प्रदर्शन के बाद नेपाल और ओमान की टीमों ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। इन दोनों टीमों ने अपने मजबूत खेल से टूर्नामेंट में जगह पक्की की। अब तक 19 टीमें क्वालिफाई कर चुकी हैं और केवल एक टीम की जगह बाकी है।
तीसरी बार वर्ल्ड कप में खेलेंगी दोनों टीमें
ओमान ने इससे पहले 2016 और 2024 में वर्ल्ड कप खेला था और अब तीसरी बार इस टूर्नामेंट में उतरने जा रहा है। वहीं नेपाल की टीम ने भी 2014 और 2024 के बाद तीसरी बार वर्ल्ड कप में जगह बनाई है।
20 टीमों के बीच होगा मुकाबला
आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। मेजबानी के चलते भारत और श्रीलंका को डायरेक्ट एंट्री मिली है। वहीं, पिछले वर्ल्ड कप के सुपर-8 तक पहुंचने के कारण अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, अमेरिका और वेस्टइंडीज ने सीधे क्वालिफाई किया।
Read Also- ICC Ranking Updates: यशस्वी-कुलदीप ने लगाई लंबी छलांग, रोहित-विराट की रैंकिंग में गिरावट
रैंकिंग के आधार पर आयरलैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान को जगह मिली है। क्वालिफायर दौर से कनाडा (अमेरिका क्वालिफायर), इटली और नीदरलैंड (यूरोप क्वालिफायर), तथा नामीबिया और जिम्बाब्वे (अफ्रीका क्वालिफायर) ने टूर्नामेंट में प्रवेश पाया। अब नेपाल और ओमान को एशिया और ईस्ट एशिया पेसिफिक क्वालिफायर से एंट्री मिली है। अब टूर्नामेंट के लिए केवल एक टीम की जगह खाली है।
भारत रहेगा डिफेंडिंग चैंपियन
टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 2007 में हुई थी, जब भारत ने पाकिस्तान को फाइनल में हराकर खिताब जीता था। तब से यह टूर्नामेंट हर दो साल में आयोजित किया जा रहा है। 2024 में भारत ने साउथ अफ्रीका को फाइनल में हराकर दूसरा खिताब अपने नाम किया था।




