नई दिल्ली। अफगानिस्तान के तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी गुरुवार से सात दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से द्विपक्षीय व्यापार, मानवीय सहायता तथा सुरक्षा सहयोग पर चर्चा की। मुत्तकी ने स्पष्ट कहा कि अफगानिस्तान की धरती का उपयोग किसी भी देश के विरुद्ध नहीं किया जाएगा।
इसके बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला पत्रकारों को प्रवेश निषेध कर दिया गया, जिससे पत्रकार बिरादरी और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं में व्यापक आक्रोश फैल गया। कई ने इसे अस्वीकार्य व लैंगिक भेदभावपूर्ण बताया। तालिबान प्रशासन पर महिलाओं के अधिकारों को सीमित करने के आरोपों को मुत्तकी ने प्रोपेगैंडा करार दिया। यह दौरा तालिबान के भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने का संकेत माना जा रहा है।




