नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार को कुचलने वाले थार चालक अमरिंदर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद वह लुधियाना भाग गया था, लेकिन करनाल बाईपास पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमरिंदर सिंह सुदर्शन पार्क का रहने वाला है और फ्लेक्स बोर्ड प्रिंटिंग का कारोबार करता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कीर्ति नगर से एक पार्टी में शामिल होकर लौट रहा था। पूछताछ में अमरिंदर ने पार्टी में जाने के दौरान कार में शराब पीने की बात स्वीकार की है।
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसके घर व परिचितों के ठिकानों पर दबिश दी। तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की गई।
सूत्रों के अनुसार, हादसे के वक्त आरोपी की गर्लफ्रेंड भी कार में मौजूद थी। हादसे के बाद वह घर चली गई, जबकि अमरिंदर लुधियाना भाग गया। पुलिस दबिश बढ़ने के बाद वह वापस दिल्ली लौटा, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।




