चमोली। सिखों के पवित्र स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट आज दोपहर 1 बजे के बाद शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस साल हेमकुंड साहिब में अब तक 2,71,367 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जबकि 2024 में यह संख्या 1,83,722 थी। बेहतर प्रबंधन और सुरक्षित यात्रा मार्ग को इस रिकॉर्ड बढ़ोतरी का मुख्य कारण माना जा रहा है।
आज यहां इस साल की अंतिम अरदास आयोजित की जाएगी। कपाट बंद करने की प्रक्रिया सुबह 10 बजे सुखमणी साहिब के पाठ के बाद शुरू होगी। घांघरिया में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद हैं, ताकि वे इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन सकें।
Read Also- घर पर अकेले करवा चौथ की पूजा कैसे करें? यहां जानिए सरल विधि और शुभ मुहूर्त
गुरुद्वारा गोविंद घाट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि पूरे गुरुद्वारे को विशेष रूप से सजाया गया है। इस अवसर पर सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पंजाब और अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेशों से आए श्रद्धालु भी शामिल होंगे।
साथ ही, लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी आज बंद कर दिए जाएंगे। पिछले दिनों हुई बर्फबारी के कारण पूरा क्षेत्र बर्फ से ढका हुआ है।
अन्य धामों के शीतकालीन बंद होने की तिथियां इस प्रकार हैं:
- श्री बद्रीनाथ धाम: 25 नवंबर, दोपहर 2:56 बजे
- बाबा केदारनाथ धाम: 23 अक्टूबर, भैया दूज के अवसर पर
- यमुनोत्री धाम: 23 अक्टूबर, दोपहर 12:30 बजे
-
गंगोत्री धाम: 22 अक्टूबर, अन्नकूट पर्व पर, पूर्वाहन 11:36 बजे




