नेशनल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कुछ ही देर में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उनके नामांकन का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कर रहे है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नबीन के पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की संभावना है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी नेतृत्व इस पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का समर्थन कर रहे है। यदि ऐसा होता है, तो वे कल औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करेंगे। बिहार से पांच बार के विधायक नबीन को हाल ही में पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
जानिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की टाइमलाइन
- घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन आज दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच दाखिल किए जाएंगे।
- आज ही शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
- नामांकन शाम 5 बजे से 6 बजे के बीच वापस लिए जा सकते हैं।
- चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को नए पार्टी अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।
- हालांकि, जरूरत पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान होगा और उसी दिन भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।




