नई दिल्ली। गोवा के चर्चित नाइटक्लब अग्निकांड मामले में फरार चल रहे आरोपी लूथरा ब्रदर्स को मंगलवार को थाईलैंड से भारत लाया गया। गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा दोपहर करीब 1:45 बजे इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। दोनों आरोपी उस नाइटक्लब के सह-मालिक हैं, जहां 6 दिसंबर को आग लगने की घटना में 25 लोगों की मौत हो गई थी।
दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही। इमिग्रेशन एरिया में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को गोवा पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, भारतीय एजेंसियां आरोपियों को थाईलैंड से दिल्ली लेकर पहुंची हैं और औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया दिल्ली में ही पूरी की गई।
जानकारी के मुताबिक, लूथरा ब्रदर्स के भारत पहुंचने के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए ले जाया जाएगा। इसके बाद दोनों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां गोवा पुलिस उनकी 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गोवा पुलिस थाईलैंड नहीं गई थी और आरोपियों की कस्टडी केवल दिल्ली में ही ली गई है।




