मुंबई
दुनिया भर में तेजी से बढ़ रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक अब मनोरंजन जगत में भी नया आयाम दे रही है। इसी क्रम में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय सिनेमा के स्वर्ण युग के दिग्गज कलाकारों को AI के जरिए ‘तब और अब’ के रूप में पेश किया गया है।
इस वीडियो में बॉलीवुड के कई प्रतिष्ठित सितारों — देव आनंद, अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर, दिलीप कुमार, शम्मी कपूर और राज कपूर — को उनके पुराने और वर्तमान रूप में दिखाया गया है। यह अनोखा प्रयोग दर्शकों को बीते दौर की यादों में ले जा रहा है और तकनीक के जादू से सबको हैरान कर रहा है।
वीडियो में नजर आए ये सितारे
वायरल वीडियो की शुरुआत 70 के दशक के मशहूर अभिनेता विनोद खन्ना से होती है। उनका युवा और वृद्ध दोनों रूप बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है। इसके बाद शशि कपूर अपनी पहचान भरी मुस्कान के साथ नज़र आते हैं। वीडियो में आगे ऋषि कपूर, अशोक कुमार, संजय दत्त, राज कपूर, अमोल पालेकर, दिलीप कुमार, अनिल कपूर, राजेश खन्ना, शम्मी कपूर, धर्मेन्द्र, मनोज कुमार, जितेंद्र, मिथुन चक्रवर्ती और अंत में देव आनंद को दिखाया गया है।
इस AI वीडियो ने बॉलीवुड प्रेमियों में पुरानी यादों की लहर जगा दी है। इसे देखकर दर्शक तकनीक और कला के इस संगम को भारतीय सिनेमा के लिए एक नया प्रयोग मान रहे हैं।




