दुर्ग। रविवार की शाम शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट पर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। शंकर नगर बुद्ध बिहार गली निवासी 32 वर्षीय आकाश ताम्रकार ने सबके सामने “हर-हर महादेव” का जयकारा लगाते हुए नदी में छलांग लगा दी।
घटना के दौरान वहां मौजूद दो कॉन्स्टेबल ने तुरंत युवक को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। लेकिन नदी की तेज धार के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद स्थानीय मछुआरे भी पानी में उतरे और काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया।
अस्पताल में हुई मौत की पुष्टि
युवक को नदी से निकालने के बाद तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद किया है।
भीड़ रही हैरान, आत्महत्या की वजह अज्ञात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अर्धनग्न अवस्था में रेलिंग पकड़े खड़ा था। लोग उसे लगातार समझाने और रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अचानक उसने छलांग लगा दी। फिलहाल, युवक की आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।




