झांसी/रायपुर। दिल्ली के हज़रत निज़ामुद्दीन से दुर्ग (छत्तीसगढ़) जा रही छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से शुक्रवार देर रात झांसी रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों को जैसे ही इस खतरे की जानकारी मिली, ट्रेन को तुरंत झांसी स्टेशन पर रोक दिया गया और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात दिल्ली कंट्रोल रूम में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर ट्रेन में बम होने की सूचना दी। कॉल मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी (Government Railway Police), आरपीएफ (Railway Protection Force) और स्थानीय पुलिस फोर्स हरकत में आ गई। भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ बम निरोधक दस्ते और फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुला लिया गया।
Read Also- नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी, एक नक्सली ढेर
सुरक्षा के लिहाज से पूरी ट्रेन को खाली कराया गया और यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित उतारकर एक-एक कोच की गहन जांच की गई। तलाशी अभियान के दौरान बी-वन कोच में तीन लावारिस डिब्बे मिलने से थोड़ी देर के लिए स्थिति और गंभीर हो गई। हालांकि राहत की बात रही कि उन डिब्बों में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई।
करीब दो घंटे चले इस ऑपरेशन के दौरान यात्रियों के सामान की भी बारीकी से जांच की गई। अंततः जब पूरी ट्रेन को सुरक्षित पाया गया, तब जाकर यात्रियों को दोबारा सवार कराया गया और ट्रेन को अपने गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
Read Also- नीली बत्ती वाली कार पर DSP की पत्नी के स्टंट मामले में हाईकोर्ट सख्त, चीफ सेक्रेटरी से मांगा जवाब
रेलवे प्रशासन ने इस फर्जी कॉल को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की अफवाह फैलाकर यात्रियों की जान को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




