दुर्ग। जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर 6 स्थित साईं मंदिर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने गार्ड के साथ मारपीट कर मंदिर से चांदी के आभूषण और सीसीटीवी का डीवीआर चोरी कर फरार हो गए। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने सेक्टर 6 साईं बाबा मंदिर में वारदात को अंजाम दिया। चोर पीछे के रास्ते से स्कार्फ बांधकर मंदिर में घुसे। पहले गार्ड के साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाया। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के केबल काट दिए और साईं बाबा की प्रतिमा पर लगे चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
सुबह चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। क्राइम ब्रांच की टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लोगों से पूछताछ की। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गार्ड से पूछताछ की जा रही है। फुटेज में 3 से 4 अज्ञात चोर वारदात को अंजाम देते नजर आए हैं। उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।




