मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले कुछ दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समीक्षा बैठक कर हालात का जायजा लिया और कहा कि आने वाले 48 घंटे मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए बेहद अहम हैं। इन सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
मुंबई की रफ्तार थमी
सोमवार रातभर हुई मूसलाधार बारिश से मुंबई ठहर-सी गई।निचले इलाकों में जलभराव से रेल और बस सेवाएं प्रभावित रहीं। बीएमसी ने सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी दफ्तरों में अवकाश घोषित कर दिया। मुंबई हाईकोर्ट में भी कामकाज केवल दोपहर 12:30 बजे तक चला।
मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के जिलों में रेड अलर्ट जारी कर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है।
मीठी नदी उफान पर
बारिश के चलते मुंबई के कुर्ला इलाके में मीठी नदी उफान पर आ गई। सुरक्षा की दृष्टि से करीब 350 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।
पिछले 24 घंटों में मुंबई के कई इलाकों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। विक्रोली सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां 255 मिमी बारिश हुई। जलभराव के कारण मध्य रेलवे को सीएसएमटी से कुर्ला और सायन के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं बंद करनी पड़ीं।




