नासिक: महाराष्ट्र के नासिक जिले के सटाना तालुका में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना ताहराबाद-मुल्हेर मार्ग पर अंतापुर शिवारा के पास हुई, जहां मजदूरों को ले जा रही पिकअप गाड़ी की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। मजदूर खोडबेल इलाके से काम खत्म कर गांव लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक और घायल सटाना तालुका के बोरदैवत और हनुमंतपाडा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा जिसे बाद में बहाल किया गया। जयखेड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




