रायपुर। महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार विकास गर्ग को बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने विकास गर्ग को तीन दिन की कस्टोडियल रिमांड पर ED को सौंप दिया। अब जांच एजेंसी 21 अगस्त तक उनसे पूछताछ करेगी।
14 जुलाई को दिल्ली से हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, ED ने विकास गर्ग को 14 जुलाई को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। गर्ग EBIX Inc. के चेयरमैन हैं। जांच एजेंसी कथित तौर पर विभिन्न कंपनियों, विदेशी निवेश और संपत्तियों के माध्यम से किए गए वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
वित्तीय लेनदेन की जांच करेगी ED
कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद ED विकास गर्ग से कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि मामले में धन के लेनदेन और निवेश का कथित नेटवर्क किस तरह संचालित हुआ।




