नई दिल्ली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा युद्ध समाप्त करने के लिए नई योजना पेश की है, जिस पर इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू ने भी सहमति जताई है। इस प्रस्ताव की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना करते हुए कहा कि यह पहल न सिर्फ फिलिस्तीनी और इज़रायली नागरिकों के लिए, बल्कि पूरे वेस्ट एशिया क्षेत्र के लिए स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास का मार्ग खोल सकती है।
मोदी ने एक्स पर लिखा कि भारत ट्रंप की इस योजना का स्वागत करता है और आशा करता है कि सभी संबंधित पक्ष मिलकर इस प्रयास को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल संघर्ष को समाप्त कर शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
व्हाइट हाउस ने सोमवार को 20 सूत्रीय दस्तावेज जारी किया है, जिसमें तत्काल युद्धविराम, हमास और इज़राइल के बीच बंधकों की अदला-बदली, गाजा से चरणबद्ध इज़राइली वापसी, हमास का निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय निगरानी में एक संक्रमणकालीन सरकार के गठन का प्रावधान शामिल है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस योजना को सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं और अब सभी की निगाहें इसके अमल पर टिकी हैं।




