मुंबई
टीवी इतिहास के सबसे पॉपुलर शो में शुमार ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ का दूसरा सीजन अब छोटे पर्दे पर वापसी के लिए तैयार है। एकता कपूर के इस आइकॉनिक धारावाहिक के नए संस्करण ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ का पहला प्रोमो जारी कर दिया गया है। साथ ही शो की टेलीकास्ट डेट और टाइमिंग का भी खुलासा हो गया है।
स्टार प्लस द्वारा शेयर किए गए प्रोमो में एक परिवार को खाने की मेज पर तुलसी विरानी की वापसी को लेकर बहस करते हुए दिखाया गया है। इसी बीच स्क्रीन पर स्मृति ईरानी नजर आती हैं, जो अपने पुराने तुलसी वाले किरदार में साड़ी और जूड़े के साथ दिखाई देती हैं। पूजा करते हुए वह कहती हैं, “जरूर आऊंगी क्योंकि हमारा 25 सालों का रिश्ता जो है। वक्त आ गया है आपसे फिर मिलने का।”
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ को दर्शक 29 जुलाई से रात 10:30 बजे स्टार प्लस पर देख सकेंगे। साथ ही यह शो डिज्नी+ हॉटस्टार पर भी कभी भी उपलब्ध रहेगा। स्टार प्लस ने प्रोमो के साथ लिखा, “25 साल के बाद तुलसी विरानी लौट रही हैं एक नई कहानी के साथ। क्या आप तैयार हैं अपने परिवार का हिस्सा बनने के लिए एक बार फिर?”
ऊंट के आंसुओं में छुपा है सांप के जहर का इलाज, वैज्ञानिकों ने किया बड़ा खुलासा
स्मृति ईरानी, जो अब राजनीति में सक्रिय हैं, उन्होंने इस शो में वापसी को लेकर उन्होंने कहा, “इस शो में लौटना सिर्फ एक किरदार निभाने की बात नहीं है, बल्कि यह उस कहानी में वापसी है जिसने भारतीय टेलीविजन को एक नई पहचान दी। इसने मुझे सिर्फ लोकप्रियता नहीं, बल्कि लाखों घरों से जुड़ने का मौका दिया।“
10 जुलाई को मनाया जाएगा गुरु और शिष्य के रिश्ते का पावन पर्व
साल 2000 में शुरू हुआ ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ भारतीय टेलीविजन पर एक क्रांतिकारी शो साबित हुआ था। स्मृति ईरानी के तुलसी के किरदार ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। अब जब शो का दूसरा सीजन आने जा रहा है, तो उम्मीद की जा रही है कि यह एक बार फिर दर्शकों को वही भावनात्मक जुड़ाव और पारिवारिक कहानी देगा जो पहले सीजन की पहचान थी।




