अंबिकापुर। सोशल मीडिया पर रील बनाकर दादागिरी दिखाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। युवकों ने गाली-गलौज और धमकी भरे वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था, जो वायरल हो गया। वीडियो में युवक कहते नजर आ रहे हैं – “मारेंगे चाकू, निकलेगा खून” और “हमसे मोहब्बत नहीं करोगे तो अंजाम भुगतोगे”।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों में रसूलपुर निवासी सैयद सैफ और उसका साथी शामिल है। जांच में पता चला कि सैयद सैफ के खिलाफ पहले से ही कोतवाली थाने में धारा 452 सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज है।
Read Also- शरद पूर्णिमा पर अमृत वर्षा की तैयारी पूरी: दूधाधारी मठ, कालीबाड़ी और श्री महाकाल धाम में होंगे भव्य आयोजन
पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए। रविवार (5 अक्टूबर) शाम जब पुलिस दोनों को सेंट्रल जेल लेकर पहुंची, तो सैयद सैफ गेट पर ही रोने लगा और छोड़ देने की गुहार लगाने लगा। इसके बावजूद पुलिस ने उसे जेल दाखिल करा दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन युवकों ने सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो बनाया था, जिससे समाज में भय और अशांति फैलने की आशंका थी।
सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर धमकी, डर फैलाने या अभद्र भाषा का प्रयोग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की विशेष टीम फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर आपत्तिजनक कंटेंट की निगरानी कर रही है।
Read Also- भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज से फिर शुरू हुआ ‘सहयोग केंद्र’, मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे सुनवाई
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई दशहरे के दिन हुई भारती टोप्पो हत्या कांड के बाद तेज की गई है। इस वारदात के बाद अंबिकापुर के दो युवकों ने घटना को लेकर भड़काऊ रील बनाई थी, जिसके वायरल होते ही पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। फरार होने के बाद दोनों को पकड़ लिया गया और जेल भेज दिया गया।




