नई दिल्ली। कार्यस्थल पर प्रमोशन न मिलना किसी भी कर्मचारी के लिए निराशाजनक होता है, लेकिन अमेरिका की एक महिला ने इस स्थिति से निपटने का अनोखा तरीका अपनाया। प्रमोशन से वंचित होने के बाद उसने उसी कंपनी को खरीद लिया और अपने पूर्व बॉस को नौकरी से बाहर कर दिया।
People की रिपोर्ट के अनुसार, सीरियल इंटरप्रेन्योर और रेस्टोरेंट ग्रुप एग्जीक्यूटिव जूलिया स्टीवर्ट पहले एपलबीज कंपनी की प्रेसिडेंट थीं। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि बेहतर प्रदर्शन की स्थिति में उन्हें सीईओ पद पर पदोन्नत किया जाएगा।
स्टीवर्ट ने नई टीम बनाकर तीन वर्षों तक लगातार मेहनत की और कंपनी को लाभ में पहुंचाया। जब उन्होंने सीईओ पद पर पदोन्नति की बात रखी तो तत्कालीन सीईओ ने अपना वादा तोड़ दिया। इसके बाद स्टीवर्ट ने रणनीति बनाई और कुछ वर्षों बाद पूरी कंपनी खरीद ली। साथ ही, उन्होंने उस सीईओ को पद से हटा दिया जिसने उन्हें प्रमोशन देने से इनकार कर दिया था।




