AASHISH PADAMWAR
KHABARWAAD BIJAPUR. छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को पहला चरण होने जा रहा है। इसके लिए मतदान दलों को अत्यंत नक्सल संवेदनशील केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। बता दें कि प्रदेश के 11 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई को तीन चरणों में मतदान होगा। बस्तर एकमात्र सीट है जहां 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा।
लोकसभा चुनाव से तीन दिन पहले नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान दलों को रवाना किया जा रहा है। नारायणपुर और बीजापुर में मतदान दल हेलीकॉप्टर से नक्सल प्रभावित इलाकों के लिए रवाना किया गया है। बस्तर लोकसभा सीट के 1,957 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 150 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील हैं। इन केंद्रों के लिए मतदान दलों को तीन दिन पहले हेलीकॉप्टर से रवाना किया गया है।
बीजापुर के एसपी जितेंद्र यादव ने कहा कि हम मतदान टीमों को सीधे हेलीकॉप्टर के माध्यम से उन क्षेत्रों में भेजते हैं जो खतरे में हैं। इसमें केंद्रीय सशस्त्र बल, राज्य सशस्त्र बल और डीआरजी शामिल हैं। वे विभिन्न क्षेत्रों में क्षेत्र प्रभुत्व की जांच करेंगे। एक सुरक्षित वातावरण में आम लोग अपना वोट डाल सकेंगे। आज मंगलवार को 75 दल हेलीकॉप्टर से रवाना किए गए हैं। वहीं बुधवार को 75 दल भेजे जाएंगे।




