रायपुर। राजधानी रायपुर में गुरुवार शाम हुई लगभग एक घंटे की बारिश ने उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाई। प्रदेशभर में मध्यम बारिश और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई है और आज भी कई जिलों में वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका इस समय समुद्र तल पर फिरोजपुर, चंडीगढ़ से होते हुए उत्तर-पूर्व अरुणाचल तक सक्रिय है। इसके अलावा, एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बांग्लादेश के मध्य भाग में 3.1 से 5.8 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 8 अगस्त को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
Read Also- इस बार रक्षाबंधन पर नहीं रहेगा भद्रा-पंचक का साया, पूरे दिन बांधी जाएगी राखी
राजधानी रायपुर का मौसम
रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यलो अलर्ट वाले जिले
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में यलो अलर्ट जारी किया है।




