मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा और वृंदावन में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। बाढ़ का पानी शहर में घुस चुका है, जिससे निचले इलाकों में खेत, घर और मंदिर जलमग्न हो गए हैं। हजारों लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। बांके बिहारी मंदिर तक जाने वाले वीआईपी मार्ग पर चार से पांच फीट पानी भरा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी परेशान हैं। पुलिस और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है।
इस बीच वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज भी यमुना बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे। खास बात यह रही कि आमतौर पर अपनी कुटिया से बाहर न निकलने वाले महाराज स्टीमर पर सवार होकर यमुना के उफान को देखने निकले। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में प्रेमानंद महाराज ने यमुना के रौद्र रूप को प्रभु की लीला बताया और लोगों से अपील की कि वे इस आपदा को ईश्वरीय प्रकोप न मानें, बल्कि इसे प्रकृति का हिस्सा समझें। उन्होंने कहा कि कठिन समय में धैर्य और साहस बनाए रखना जरूरी है।




