सरगुजा। सरगुजा जिले में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में दो अनोखे आवेदन सामने आए हैं, जो चर्चा का विषय बन गए हैं। इन आवेदनों में एक संविदा कर्मचारी ने शादी के लिए आवेदन दिया, जबकि दूसरे ने ससुराल जाने के लिए बाइक की मांग की।
Read Also- सुशासन तिहार के दौरान युवक ने की मुख्यमंत्री को हटाने की मांग
पहला मामला – शादी के लिए स्वीपर ने दिया आवेदन
अंबिकापुर ब्लॉक के भफौली निवासी मनोज टोप्पो, जो एक सरकारी स्कूल में स्वीपर के पद पर कार्यरत हैं, ने अपनी शादी के लिए अनोखा आवेदन भेजा है। आवेदन में मनोज ने बताया कि वह 46 साल के हो चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी शादी नहीं हो पाई है। उनका कहना है कि घरवाले उनकी शादी के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं, जिसके कारण वह परेशान हैं। मनोज ने आवेदन में यह भी लिखा है कि वे अकेले रहते हैं और इस वजह से उन्हें अच्छा नहीं लगता। वे उम्मीद करते हैं कि सरकार उनकी मदद करे और उनकी शादी करवा दे।
मनोज ने बताया कि जब वह छोटे थे, तब उनके पिता का निधन हो गया था, और अब वे अपनी मां और दो भतीजों के साथ रहते हैं। उनका कहना है कि अगर घरवाले ध्यान देते तो उनकी शादी पहले ही हो जाती। अब वे सरकार से उम्मीद लगाए हुए हैं कि उनकी शादी करवाई जाए।
Read Also- दिल दहला देने वाली घटना: प्रेम प्रसंग के चलते दलित युवक को नग्न कर चौराहे पर पीटा
दूसरा मामला – ससुराल जाने के लिए बाइक की मांग
मैनपाट ब्लॉक के कदनई पंचायत के निवासी अजेश कुमार ठाकुर ने भी सुशासन तिहार कार्यक्रम में आवेदन दिया है। इस आवेदन में अजेश ने बाइक की मांग की है, ताकि वह ससुराल और बाजार आसानी से जा सकें। उनका कहना है कि उनके गांव से ससुराल और हाट बाजार काफी दूर हैं, जिससे उन्हें यात्रा करने में कठिनाई होती है। अजेश ने अपने आवेदन में संबंधित विभाग और ऑटो एजेंसी का नाम भी लिखा है। यह आवेदन 10 अप्रैल को कदनई पंचायत के शिविर में जमा किया गया।




