रायपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हटाए जाने और नीट पेपर लीक मामले के विरोध में रविवार को रायपुर में युवाओं ने प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में छात्र-युवा बारिश के बीच तख्तियां और पोस्टर लेकर जुटे तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई।
पेपर लीक पर जताया आक्रोश
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने की मांग की। साथ ही नीट पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भर्ती व प्रवेश परीक्षाओं की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की मांग की।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को प्रभावी एवं स्थायी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल न उठें। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सोनम वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में सुधार और कथित परीक्षा अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण रही और किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। छात्र-युवा संगठनों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते रहेंगे।




