नई दिल्ली। इन दिनों संसद का मानसून सत्र जारी है, जो 21 अगस्त तक चलेगा। इस अवसर पर ‘संसद रत्न सम्मान 2025’ की घोषणा की गई है, जिसके तहत लोकसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 17 सांसदों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें सुप्रिया सुले (NCP-SP), रवि किशन (BJP), निशिकांत दुबे (BJP) और अरविंद सावंत (शिवसेना-UBT) जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
चार सांसदों को मिलेगा विशेष जूरी पुरस्कार
सम्मानों में चार विशेष जूरी पुरस्कार भी शामिल हैं, जो लगातार तीन कार्यकालों से संसदीय लोकतंत्र में सक्रिय और प्रभावी योगदान देने वाले सांसदों को दिए जाएंगे। ये सम्मान भर्तृहरि महताब (BJP, ओडिशा), एन. के. प्रेमचंद्रन (रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, केरल), सुप्रिया सुले (NCP-SP, महाराष्ट्र) और श्रीरंग अप्पा बारणे (शिवसेना, महाराष्ट्र) को प्रदान किए जाएंगे।
Read Also- रेलवे की बड़ी कार्रवाई: IRCTC ने बंद की 2.5 करोड़ से ज्यादा यूजर आईडी, टिकट बुकिंग नियमों में भी किया बदलाव
16वीं लोकसभा से बनाए रखा उत्कृष्ट प्रदर्शन
सम्मान पाने वाले सभी सांसदों ने 16वीं लोकसभा के बाद से संसद में अनुकरणीय और प्रभावी भूमिका निभाई है। अन्य सम्मानित सांसदों में स्मिता उदय वाघ (BJP), नरेश म्हस्के (शिवसेना), वर्षा गायकवाड़ (कांग्रेस), मेधा कुलकर्णी (BJP), प्रवीण पटेल (BJP), विद्युत बरण महतो (BJP) और दिलीप सैकिया (BJP) के नाम शामिल हैं।
दो संसदीय समितियाँ भी होंगी सम्मानित
इस बार समिति श्रेणी में भी दो महत्वपूर्ण स्थायी समितियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें भर्तृहरि महताब की अध्यक्षता वाली वित्त संबंधी स्थायी समिति और डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी की अध्यक्षता वाली कृषि संबंधी स्थायी समिति शामिल हैं। इन समितियों को रिपोर्ट की गुणवत्ता और विधायी कार्यों की निगरानी में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।




