KHABARWAAD BILASPUR. बिलासपुर के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अफसर और कर्मचारियों की मनमानी चल रही है। यहां उनके आने और जाने का कोई टाइम नहीं है। शुक्रवार को कलेक्टर अवनीश शरण ने दफ्तर का औचक निरीक्षण किया, तब कुर्सियां खाली देखकर उन्होंने जमकर नाराजगी जताई।
कलेक्टर ने उपस्थिति पंजी जब्त कर सबकी हाजिरी ली, तब पता चला कि 21 अधिकारी-कर्मचारी ऑफिस से गायब हैं। उन्होंने सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दरअसल, सरकारी दफ्तर में अधिकारियों-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे से ऑफिस पहुंचना और 10.30 बजे से काम शुरू करना है। लेकिन, शिक्षा विभाग में अधिकारी-कर्मचारी अपनी मर्जी से दफ्तर पहुंच रहे हैं।
इसका खुलासा शुक्रवार को उस समय हुआ, जब कलेक्टर अवनीश शरण अचानक पुराने कंपोजिट बिल्डिंग का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां संचालित शिक्षा विभाग के दफ्तर में दोपहर 12 बजे तक गिने-चुने अधिकारी और कर्मचारी ही नजर आए और ज्यादातर कर्मचारियों की कुर्सियां खाली दिखीं।
Read Also- चुनाव से पहले केंद्र की बड़ी सौगात, पेट्रोल-डीजल के दामों में 2 रुपए की कटौती…
नाराज कलेक्टर ने लगाई हाजिरी, 21 मिले गायब
यहां निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को गायब देखकर उपस्थिति पंजी मंगाई। उन्होंने एक-एक अधिकारियों-कर्मचारियों की हाजिरी चेक की, तब पता चला कि दफ्तर से सहायक संचालक, कार्यक्रम समन्वयक सहित 21 अधिकारी-कर्मचारी गायब हैं। उन्होंने सभी की अनुपस्थिति लगाकर उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
ये अधिकारी-कर्मचारी मिले नदारद
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों-कर्मचारियों में सहायक संचालक पी दासरथी, सहायक जिला परियोजना अधिकारी डॉ अनिल तिवारी, सहायक संचालक रघुवीर प्रसाद राठौर, कार्यक्रम समन्वयक चन्दभान सिंह, रामेश्वर जायसवाल, मुकेश पांडेय, कम्प्यूटर ऑपरेटर राजकुमार बैगा, मुख्य लिपिक एके भीमटे, सहायक ग्रेड 2 माधव तिवारी, सूर्य प्रकाश कश्यप, हेमंत शर्मा, सुनील कुमार यादव, विजय यादव, आकाश तिवारी, अमित यादव, जसपाल कौर, प्रभात गुप्ते, वंदना वर्मा, प्रांजल सिंह, जीवन लाल यादव और नवमीत गुप्ता शामिल हैं।
अब जवाब के लिए बहाना ढूंढ रहे अफसर
कलेक्टर के निरीक्षण के बाद विभाग के अफसरों ने बहाना ढूंढना शुरू कर दिया है। विभागीय काम सहित स्कूलों का दौरा, एग्जाम ड्यूटी का बहाना बनाकर ऑफिस नहीं पहुंचने की बात कह रहे हैं। कलेक्टर के नोटिस के बाद अफसर कुछ इस तरह से ड्यूटी करने का जवाब देने की तैयारी में है।




